मथुरा में यमुना का विकराल रूप देख लोगों में दहशत है। अभी घर लौटे चंद दिन भी नहीं हुए कि एक बार फिर बाढ़ के खतरे ने लोगों की नींद उड़ा दी है। यमुना किनारे खादर में बसी कॉलोनियों से लोग फिर से घर छोड़कर जाने लगे हैं। पूर्व में बढ़े जलस्तर के कारण घरों में पहले ही सब कुछ बर्बाद हो चुका है। मकानों में दरारें आ गई हैं। फर्स धंस गए हैं, अब फिर यही सब सोचकर लोग परेशान हैं। लेकिन, यमुना का बढ़ता जलस्तर सभी की परेशानी का सबब बना हुआ है। यमुना का पानी घरों की चौखट तक पहुंच चुका है।
जयसिंहपुरा क्षेत्र की खादर की कॉलोनियों में तो लोगों ने घरों को छोड़ रहे हैं। घर में बचे सामान को समेट कर ले जा रहे हैं। टेंपो, ट्रैक्टर में सामान के साथ बाहर निकलने लगे हैं। अनेक लोग यमुना के पानी को घर में घुसने से रोकने का भी इंतजाम कर रहे हैं।
श्याम ने बताया कि अनजान भय लोगों को परेशान कर रहा है। समझ ही नहीं आ रहा है कि क्या किया जाए। जयसिंहपुरा के लोग अभी बाढ़ के प्रभाव से उबरे भी नहीं है कि एक बार फिर जल स्तर में वृद्धि ने चिंता बढ़ा दी हैं।
भगवान देवी ने बताया कि अभी तो गली में पानी भरा हुआ है। बता रहे हैं कि यमुना में और ज्यादा पानी आ रहा है। चार दिन पहले ही तो घर लौटे हैं। अब पता नहीं क्या होगा। पहले ही घर में सब सामान खराब हो चुका है।
प्रवेश ने बताया कि घर-मोहल्ले में सब परेशान हैं। सभी को एक ही चिंता सता रही है कि यमुना का पानी इस बार कहां तक आएगा। आसपास के सभी घरों में सामान बांधा जा रहा है। पहले राहत शिविर में रुके थे, अब किसी रिश्तेदारी में जाएंगे।
मुन्ना यादव ने बताया कि भय का वातावरण है। प्रशासन भी स्थिति स्पष्ट नहीं कर रहा है। यमुना में पानी बढ़ रहा है। इसे देखकर आसपास के लोग परेशान है। घर भी छोड़ना शुरू कर दिया है।