मथुरा के थाना मगोर्रा क्षेत्र में हुए जिस हादसे ने दो परिवार खत्म कर दिए उसका जिम्मेदार मथुरा प्रशासन को माना जा रहा है। जिस जगह हादसा हुआ वह पहले से ही दुर्घटना संभावित जगह है लेकिन कई हादसों के बाद भी प्रशासन ने हादसे कम करने का उपाय नहीं किया।
बता दें कि बरेली के सुभाषनगर राजीव कॉलोनी निवासी अधिवक्ता महेश शर्मा अपने छोटे भाई सहित परिवार के 10 लोगों के साथ एक ही इनोवा कार से धार्मिक यात्रा पर जा रहे थे। वे शनिवार रात को करीब 11.00 बजे बरेली से चले। रविवार सुबह राजस्थान के दौसा जिले में बालाजी हनुमान मंदिर के उनको दर्शन करने थे।
तड़के 4.00 बजे जब उनकी गाड़ी मथुरा भरतपुर मार्ग पर फतेहपुर सीकरी नहर की मकेरा पुलिया से गुजर रही थी तभी चालक कार पर संतुलन खो बैठा और इनोवा कार नहर में गिर गई । कार में सवार 10 लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मकेरा पुलिया पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। इसके बाद भी प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए हैं। पुलिया पर लाइटिंग है न ही सावधानी सूचक बोर्ड, ऐसे में चालक को अंदाजा ही नहीं लग पाता है।