शोरूम में लगी को बुझाने के लिए शीशा तोड़ता दमकलकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
एमजी रोड पर रघुनाथ नगर स्थित ज्वेलरी शोरूम में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। दो दमकलों ने तीन घंटे में आग पर काबू पाया। अग्निकांड में लाखों का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
बताया गया है कि 6, रघुनाथ नगर, सूरसदन चौराहे के पास कनक सान्वी ज्वैल्स के नाम से दो मंजिला भवन में शोरूम है। डायरेक्टर सत्येंद्र बंसल ने बताया कि सुबह 11:30 बजे कर्मचारी काम कर रहे थे। तभी पहली मंजिल पर आग लग गई। कर्मचारी बाहर आ गए। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन धुआं होने की वजह से आग नहीं बुझाई जा सकी।
एमजी रोड पर शोरूम में आग लगी देखकर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर दमकल पहुंच गईं। दमकल कर्मियों को शोरूम की पहली मंजिल पर लगे दो शीशे तोड़ने पड़े। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पानी डाला। दोपहर तीन बजे आग बुझाई जा सकी। शोरूम के डायरेक्टर ने बताया कि अग्निकांड में पहली मंजिल पर एसी, फर्नीचर सहित अन्य सामान जल गया।