आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर टेढ़ी बगिया 100 फुटा मार्ग स्थित आंबेडकर पार्क में डॉ. बीआर आंबेडकर समाज सुधार एवं विकास परिषद की ओर से दो दिवसीय मेले का आयोजन किया गया। मंगलवार को 31 जोड़ों का बौद्ध रीति-रिवाज से सामूहिक विवाह कराया गया।
शुभारंभ पूर्व मंत्री जीपी पुष्करऔर भंते रतन बोधी ने किया। उद्घाटन के साथ ही मेले में जयकारे गूंज उठे। मेला कमेटी अध्यक्ष कर्मवीर भारती ने बताया कि टेढ़ी बगिया चौराहे से 31 दूल्हों की बरात निकाली गई। बरात का जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया।
बरात के आंबेडकर पार्क पहुंचने के बाद सभी जोड़ों को मंच पर लाया गया, जहां बौद्ध भिक्षुओं ने विवाह संस्कार संपन्न कराए। प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को गृहस्थी बसाने के लिए आवश्यक सामग्री भेंट की गई। इसमें साइकिल, एलईडी टीवी, बर्तन, बक्सा, कुर्सी, पंखा, गैस चूल्हा, बेड, कुकर, साड़ी, वाटर कूलर एवं आभूषण शामिल रहे।
कार्यक्रम अध्यक्ष आरके भारती ने कहा कि संविधान निर्माता के जन्मदिवस पर 31 जोड़ों का वैवाहिक जीवन में प्रवेश करना समाज के लिए अत्यंत गर्व और खुशी का विषय है। इस मौके पर चौधरी चरण सिंह, कृपाल सिंह, भूरी सिंह, हरी सिंह, आरपी सिंह, नारायण सिंह आदि मौजूद रहे।