आगरा जिले में रविवार को दर्दनाक घटना सामने आई। जंगल में बकरी चराने गई विवाहिता की मिट्टी में दबने से माैत हो गई। पांच बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव तालपुरा में रविवार दोपहर को जंगल में बकरी चराने गई विवाहिता की मिट्टी की ढाय गिरने से माैत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
विज्ञापन
थाना फतेहाबाद के गांव तालपुरा निवासी रनिया पत्नी राजेश (उम्र 28 वर्ष) जंगल में बकरी चराने गई थी। रास्ते में अचानक से मिट्टी की ढाय भरभराकर महिला पर गई पड़ी। रनिया मिट्टी में दब गई। पास खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया तो गांव के लोग दौड़े और मिट्टी हटाकर रनिया को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
जानकारी पर घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के दो पुत्री प्रीती (9), राखी (7) और तीन पुत्र मनीष (5), शिवकांत (3), मोहन (8माह) है। एक वर्ष पूर्व बीमारी के चलते सास की मौत हो चुकी है। वहीं पति सोनीपत में हलवाई का काम करता है। ससुर रामभरोसी का रो-रो कर बुरा हाल है।