फोटो।फाइल फोटो मृतका रचना स्रोत परिजन
फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव मुराबल में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजन के मुताबिक, गांव मुराबल थाना फतेहाबाद निवासी रचना (25) पत्नी मनीष ने शनिवार रात 11 बजे के करीब कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर पंखे के हुक से लटककर जान दे दी। काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर परिजन को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर रचना फंदे पर लटकी मिली। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना रात करीब एक बजे पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच आपसी कहासुनी के बाद घटना हुई। मृतका अपने पीछे दो पुत्रियां किन्नू (4) व सुशीला (1) को छोड़ गई है। घटना के बाद दोनों बच्चियों और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद ने बताया कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी प्रकार की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।