गांव पनवा में अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन ने विवाहिता को मिट्टी का तेल डाल कर जला दिया। विवाहिता की मौत के बाद पिता की ओर से तहरीर दी गई। पुलिस नेे ससुरालीजन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
कासगंज के गांव सुल्तानपुर निवासी दुर्गेश कुमार ने बताया कि पुत्री (22) की शादी एक साल पहले थाना क्षेत्र के गांव पनवा निवासी सर्वेश कुमार के साथ की थी। ससुरालीजन द्वारा कुछ दिनों बाद ही अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग को लेकर पुत्री को प्रताड़ित किया जाने लगा। उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ना दी जाने लगी। वह ईंट भट्ठा पर मजदूरी का कार्य करते हैं। जिस कारण पुत्री के ससुरालीजन की मांग पूरी करने में असमर्थ थे। मांग पूरी न होने पर बृहस्पतिवार की शाम पति सर्वेश, जेठ रत्नेश, ससुर रामखिलाड़ी, जेठानी पिंकी और कुलदीप ने पुत्री पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। जलने से पुत्री की मौत हो गई, पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।