आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के हेल्पडेस्क पर छात्रों की भीड़ जुट गई। 150 से अधिक छात्रों के प्रार्थनापत्र जमा कराए, इनमें से अधिकांश प्रार्थनापत्र अंकतालिका, डिग्री न मिलने के रहे।
विश्वविद्यालय में अंकतालिका और डिग्री की समस्या का अभी भी समाधान नहीं हुआ। हेल्प डेस्क पर सुबह से दूरदराज से छात्र जुटने लगे। प्रार्थनापत्र भी जमा कराया। इनमें माइग्रेशन न मिलने, नामांकन संख्या न होने, अंकतालिका पर अंक न दर्ज होने की भी परेशानी रही। इन सभी के प्रार्थनापत्र जमा करने के बाद सप्ताह भर बाद आने को कहा है।
पीजीडीसी के एक पेपर के अंक अंकतालिका में दर्ज नहीं हुए हैं। तीन बार प्रार्थनापत्र जमा कर चुका हूं, नौ बार विश्वविद्यालय के चक्कर लगा चुका हूं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। - अरुण कुमार, अलीगढ़
बेटी डीएस कॉलेज में बीए कर चुकी है। अंकतालिका नहीं मिली है। कॉलेज वाले कहते हैं कि विश्वविद्यालय ने नहीं भेजी, यहां बताया कि कॉलेज भेज दी है। बेटी चक्कर लगाकर थक गई, अब मुझे आना पड़ रहा है। - शशिलता, अलीगढ़