पिनाहट मे जातीय संघर्ष के बाद महापंचायत।
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के पिनाहट टीचर्स कालोनी में पेड़ की डाल काटने पर दो गुटों के बीच हुए झगड़े ने जातीय संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों ओर से पथराव हुआ और गोलियां चलाई गईं। पत्थर लगने से छह लोग घायल हो गए। कस्बा में तनाव फैल गया। आगरा तक से पुलिस बुलाई गई है। इस मामले में दर्जनों लोगों पर एससी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके विरोध में शुक्रवार को महापंचायत बुलाई गई। इसमें 500 से अधिक लोग मौजूद रहे। पूर्व मंत्री राजा महेंद्र अरिदमन सिंह भी पंचायत में शामिल हुए।
विजय सिंह घर के पास खटीक मोहल्ले के रहने वाले गौरव, विमल, मोनू, सूरज आदि ने आकर बकरियों के चारे के लिए पेड़ से एक डाल काट ली। इसका विजय की पत्नी दुर्गेश ने विरोध किया। इसी बात पर झगड़ा शुरू हो गया। कहासुनी के दौरान दोनों तरफ के अन्य लोग जुट गए और मारपीट हो गई। पत्थर भी चले। इसमें विजय, दुर्गेश और दूसरे पक्ष के गौरव को गंभीर चोटें आईं। इन्हें आगरा रेफर कर दिया गया था।
थोड़ी देर बाद टीचर्स कालोनी निवासी रामजीलाल तोमर के मकान पर खटीक मोहल्ले के कुछ लोगों ने पथराव करने के साथ फायरिंग भी की। इससे हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर आई पिनाहट पुलिस छानबीन करने के बाद लौट गई। पुलिस के जाने के बाद दोबारा उनके घर पर पथराव किया गया।
उधर थोड़ी देर बाद विशाल भदौरिया पर पथराव किए जाने के बाद दोनों पक्ष के सैकड़ों लोग आमने-सामने हो गए। इनके बीच जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। इससे कस्बा में दहशत फैल गई। सीओ पिनाहट मोहसिन खान पहुंचे। कई थानों की फोर्स भी बुला ली गई। देर रात तक केस दर्ज नहीं किया गया था।
इस संघर्ष के बाद कई सवर्ण लोगों पर एससी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इसके विरोध में शुक्रवार को सवर्ण समाज की ओर से महापंचायत बुलाई गई। इसमें पूर्व मंत्री राजा महेंद्र अरिदमन सिंह भी शामिल हुए। पूरी घटना के बार में जानकारी दी गई और लोगों से जातीय संघर्ष के बाद एससी एक्ट लगाने का विरोध हुआ।