आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर खंदौली के गांव बगलघूसा के सामने गुरुवार रात हुए भीषण हादसे में स्कॉर्पियो सवार पांच लोगों की मौत हो गई। स्कार्पियो की आलू से लदे ट्रक से आमने सामने की टक्कर हुई।
स्कॉर्पियो सवार चार लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि ड्राइवर की एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। ये सभी लोग हाथरस के गांव ताजपुर तसिंगा से शादी समारोह से आगरा जा रहे थे।
ये सभी अलीगढ़ के गोंडा के ब्लॉक प्रमुख प्रदीप के साथ ताजपुर तसिंगा में कोल्ड स्टोर मालिक विनोद के भतीजे की शादी से आ रहे थे। सभी लोग प्रदीप के करीबी थे। वहां से प्रदीप पहले निकल गए। बाद में पांचों लोग स्कॉर्पियो से आगरा के लिए निकले।
आमने सामने से हुई टक्कर
क्षतिग्रस्त गाड़ी के पास खड़ा पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
बगलघूसा में स्कॉर्पियो की ट्रक से आमने सामने की टक्कर हुई। स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। पांचों लोग इसमें फंस गए थे। पुलिस ने लोगों की मदद से इन्हें बाहर निकाला। चार की मौके पर मौत हो गई। पंाचवे ( ड्राइवर) ने अस्पताल में दम तोड़ा। ट्रक चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पांचों मृतकों की उम्र 25 से 35 साल है।
गाड़ी में मिली पिस्टल और रायफल
पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो में एक विदेशी राइफल और एक देसी पिस्टल मिली है। शराब की बोतल और गिलास भी मिले हैं। इनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मृतकों के परिजनों से इस बारे में जानकारी ली जाएगी।
इनकी गई जान
- कैलाशी पुत्र हरदयाल, निवासी सहरी मदनगढ़ी, तहसील गोंडा, अलीगढ़।
- बंटी ( ड्राइवर) पुत्र मारकण्ड निवासी पीपली, तहसील, गोंडा, अलीगढ़
- रविंद्र पुत्र रामजीलाल निवासी सहरी मदनगढ़ी, गोंडा, अलीगढ़।
- राजकुमार ( सिक्योरिटी गार्ड ) पुत्र राधेश्याम निवासी रंगेहाल, गोंडा, अलीगढ़
- रवि पुत्र अजब सिंह निवासी सहरी मदनगढ़ी, गोंडा, अलीगढ़।