कासगंज। मुख्य विकास अधिकारी सचिन ने शुक्रवार सुबह 10:20 बजे विकास भवन के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडे, उपायुक्त सहकारिता के वरिष्ठ सहायक अमित कुमार अुनपस्थित मिले। इन दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, कार्यालयों में अभिलेखों का रखरखाव सही नहीं पाया गया और स्वच्छता नहीं थी। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
मुख्य विकास अधिकारी ने सबसे पहले जिला विकास कार्यालय, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण का निरीक्षण किया। इसके उपरांत जिला दिव्यांग सशक्तिकरण, अधिशासी अभियंता आरईएस, जिला ग्रामोद्योग, जिला सूचना अधिकारी कार्यालय, समाज कल्याण कार्यालय, जिला कृषि कार्यालय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, जिला लेखा परीक्षा, उपायुक्त सहकारिता, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कार्यक्रम आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में स्टोर न होने के कारण अधिकतर सामान कार्यालय में ही रखा मिला। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जाहिर की। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी की उपस्थिति पंजिका मगाई गई थी जो कार्यालय द्वारा उपलब्ध नही कराई जा सकी। इस पर भी मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।