कई किसानों के खाते में नहीं आई सम्मान निधि की राशि
आगरा में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के दो हजार रुपये के लिए किसान भटकने को मजबूर हैं। सूची में नाम और फोन पर मैसेज आने के बाद भी कई किसानों के खाते में रुपये नहीं पहुंचे। ऐसे में किसान कृषि विभाग और बैंक के चक्कर काट रहे हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का 24 फरवरी को शुभारंभ हुआ। इसमें लघु और सीमांत किसानों को हर साल छह हजार रुपये तीन किस्तों में मिलेंगे। अभी तक 2.90 लाख किसानों की फीडिंग हो चुकी है। इसमें से योजना शुरू होने के पहले दिन आगरा में 43631 किसानों के खाते में रुपये पहुंचाने का दावा किया गया।
लेकिन ये हकीकत में नहीं हुआ, इसमें कई किसानों के खाते में अभी रुपये नहीं आए हैं। यहां तक कि उनके फोन पर रुपये खाते में आने का मैसेज भी आया था। बैंक में खाता जांचा तो उसमें रुपये नहीं आए। इस पर किसान तहसील दिवस, कृषि विभाग और बैंक अधिकारियों से जानकारी के लिए परेशान हो रहे हैं।
इस संबंध में जिला कृषि अधिकारी डॉ. रामप्रवेश वर्मा ने बताया कि किसानों की फीडिंग कर दी है। सभी के खाते में सरकार दो हजार रुपये भेज रही है, जिनके नहीं आए हैं, उनमें जल्द धनराशि ट्रांसफर होगी। उधर, सम्मान निधि की रकम न आने पर किसान परेशान हो रहे है।
किसानों का ये है कहना
किरावली के किसान महावीर सिंह ने बताया कि दो हजार रुपये खाते में आने का मेसेज फोन पर आया था, जब बैंक गया तो पता चला कि खाते में रुपये नहीं आए हैं। बैंक, कृषि अधिकारी के यहां भी शिकायत की। गांव सवाई के जहान सिंह ने बताया कि सूची में नाम आने के बाद बैंक खाता जांचने गया तो उसमें अभी दो हजार रुपये नहीं दर्शाए जा रहे। प्रार्थना पत्र भी लिखकर दिया है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
गांव अभुआ निवासी एदल सिंह ने बताया कि सूची में नाम आ गया है, दो बार कागजात भी जमा कर दिए हैं, लेकिन अभी रुपये नहीं आए। कृषि-बैंक अधिकारियों के पास लगातार चक्कर काट रहा हूं। वहीं राजीव कुमार ने कहा कि लाभार्थी की सूची में नाम आ गया है, लेकिन खाते में रुपये नहीं पहुंचे। तहसील और कृषि विभाग में भी शिकायत की है। कोई सही जानकारी नहीं दे रहा है।