मैनपुरी। जिले से होकर बहने वाली अवा गंगा नदी के पुनरोद्धार के लिए जल्द ही काम शुरू होगा। इसके लिए प्राशसन ने पूरी योजना तैयार कर ली है। मनरेगा से इस नदी की खोदाई करवाई जा रही है। नवरात्र में ही खोदाई का काम शुरू होने की उम्मीद है।
फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद से शुरू होकर मैनपुरी के करहल तक आने वाली अवा गंगा नदी को जल्द ही नया जीवन मिलेगा। मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया की पहल पर शुरू हुई मुहिम जल्द ही धरातल पर नजर आएगी। जिले में इस नदी का क्षेत्रफल लगभग 18 किलोमीटर है, जो आठ गांवों से होकर गुजरती है। इसमें विकास खंड बरनाहल के छह गांव और विकास खंड करहल के दो गांव शामिल हैं।
कुल आठ गांवों में मनरेगा योजना से नदी की खोदाई का काम कराया जाएगा। खंड विकास अधिकारी बरनाहल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि बरनाहल के गांव खेड़ामाहन से जिले में प्रवेश कर अवा गंगा नदी करहल क्षेत्र में जाकर सेंगर नदी में मिल जाती है। इसकी खोदाई के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जल्द ही खोदाई का काम शुरू कराया जाएगा। सूत्रों के अनुसार प्रशासन नवरात्र में ही नदी की खोदाई का काम शुरू कराने के लिए प्रयासरत है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो दुर्गा अष्टमी को उच्चाधिकारी खोदाई की शुरूआत करेंगे।
अवा गंगा नदी की खोदाई मनरेगा के तहत कराई जाएगी। इसे लिए खंड विकास अधिकारी को आदेशित किया गया है। जल्द ही खोदाई का काम शुरू कराया जाएगा। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी।