कैल्शियम कार्बाइड में पके फल खाने से बीमारी का खतरा बढ़ गया है। प्रतिबंध के बावजूद भी फल विक्रेता फलों को पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड का इस्तेमाल कर रहे हैं। सबसे ज्यादा आम और पपीता पकाने में इसका उपयोग किया जा रहा है। इनकी रोकथाम के लिए अभी तक कोई कवायद नहीं की गई है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के नियमानुसार फलों को पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड के उपयोग पर प्रतिबंध है। यहां तक कि इसकी बिक्री, खरीद और भंडारण पर भी सजा का प्रावधान है। इसके बावजूद भी फलों को पकाने में इसका इस्तेमाल किया जा रहा है।
एफएसडीए भी इसकी रोकथाम में नाकाम है। विभाग ने अभी आम-पपीता का नमूना लेकर लैब में जांच नहीं कराई है। जिला अभिहित अधिकारी डॉ. श्वेता सैनी ने बताया कि फल विक्रेताओं के यहां छापेमारी कराई जाएगी, यहां से फलों के नमूने लेकर जांच के लिए भी भेजे जाएंगे।