मैनपुरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा में दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में भाग लेने पहुंचे। जनपद के दो छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कार्यक्रम के लिए बधाई दी है। वहीं प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से लौटे छात्र व छात्रा ने जिले के छात्र-छात्राओं से परीक्षा की तैयारियों को बेहतर ढंग से किए जाने की मांग की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ विषय में शामिल होने पहुंचे कक्षा दस के छात्र क्रिस गुप्ता का कहना है कि कार्यक्रम के लिए चुने जाने पर उसको बहुत अच्छा महसूस हुआ लेकिन अफसोस इस बात का रहा कि छात्र-छात्राओं की भीड़ के चलते उन्हें प्रधानमंत्री से सवाल करने का मौका नहीं मिल सका। वहीं छात्रा आरुषि सिंह का कहना है कि कार्यक्रम में प्रतिभाग करना उसके लिए बड़ी बात है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलना बहुत ही सुखदायी था लेकिन अफसोस इस बात का रहा कि उसे प्रधानमंत्री से अपना सवाल रखने का मौका नहीं मिल सका। दोनों ही छात्र-छात्राएं शहर के एसबीआरएल एकेडमी में अध्ययनरत हैं। क्रिस का कहना था कि बोर्ड परीक्षार्थियों को अपनी परीक्षा की पूरी तैयारी मन लगाकर करनी चाहिए। वहीं आरुषि सिंह का कहना था कि प्लान बनाकर तैयारी करने से अच्छे अंक प्राप्त होते हैं।