ट्रेन में यात्रियों से टिकट कलक्टर बनकर चेकिंग के बहाने वसूली करने वाले युवक को जीआरपी आगरा कैंट ने गिरफ्तार किया है। वह भोपाल एक्सप्रेस से आगरा में सब इंस्पेक्टर की परीक्षा देने आया था। युवक के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा है।
आगरा में गुरुवार को 10 परीक्षा केंद्रों पर सब इंस्पेक्टर की भर्ती परीक्षा होनी थी। बुधवार रात को जीआरपी स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इसी दरम्यान एक युवक की गतिविधियों पर शक हुआ।
उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह टीसी है और भोपाल एक्सप्रेस में ड्यूटी करके लौटा है, उसने यह भी बताया कि वह यहां एसआई की परीक्षा देने आया है।
शक होने पर उसकी तलाशी ली गई तो उससे टिकट कलक्टर का परिचय पत्र बरामद हुआ। परिचय पत्र की तस्दीक जीआरपी और आरपीएफ टीमों ने स्टेशन अधीक्षक से करवाई तो वह फर्जी पाया गया। युवक ने अपना नाम राहुल यादव पुत्र समरपाल सिंह निवासी शाहपुर बम्हेटा, कवि नगर, गाजियाबाद बताया।