कासगंज। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशीला ने जिला संयुक्त चिकित्सालय, मामों में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सहावर विकास क्षेत्र से अतिकुपोषित बच्चों के भर्ती नहीं कराए जाने पर नाराजगी जाहिर जताई। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने एनआरसी में भर्ती होने के बारे में जानकारी ली। माह अप्रैल 2024 में बाल विकास परियोजना कासगंज एवं सोरों से तीन तीन, सिढ़पुरा से दो, पटियाली, अमापुर और गंजडुंडवारा से एक अति कुपोषित बच्चा भर्ती कराने की जानकारी मिली। सहावर से इस माह कोई बच्चा भर्ती नहीं कराया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी सहावर को आरबीएसके की टीम के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर अति कुपोषित बच्चों की जांच करा कर उपचार हेतु बच्चों को चिन्हित कर एनआरसी में भर्ती कराने के निर्देश दिए। एनआरसी में कुल 10 बेड उपलब्ध है वर्तमान में 6 बेड भरे हुए मिले। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने एनआरसी में भर्ती अति कुपोषित बच्चों के अभिभावकों से बात की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अभिभावकों ने समय से सुविधाएं मिलने की जानकारी दी।