कासगंज। जिलाधिकारी सुधा वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण समिति की बैठक का आयोजन किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यों को निर्धारित मानक और पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराकर स्वच्छता मिशन को शत-प्रतिशत सफल बनाएं। इस कार्य में कोई भी शिथिलता नहीं बरती जाएगी।
बैठक में डीपीआरओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अन्तर्गत आय व्यय का विवरण, सामुदायिक शौचालयों का विवरण, वित्तीय वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 में प्राप्त एवं व्यय धनराशि का विवरण प्रस्तुत किया। ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत ग्रामों में कराए गए कार्यों की प्रगति, ओडीएफ प्लस के ग्रामों की प्रगति का विवरण, गंगा एक्शन प्लान, वर्ष 2024-25 के चयनित ग्रामों का विवरण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट एवं स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत तैनात मैनपावर एवं अन्य विवरण पर चर्चा की गई।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत गत वर्ष में 11972 की द्वितीय किश्त अवमुक्त की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि जिले की सभी 423 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण पूर्ण कराया जा चुका है। जिन्हें स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित कराने के लिए आवश्यक धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। स्वयं सहायता समूह को 9000 प्रति माह की दर से धनराशि मानदेय एवं अनुरक्षण के लिए भुगतान की जाती है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सचिन, अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार पटेल, जिला सूचना अधिकारी मिथलेश, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय आदि मौजूद रहे।