कासगंज में एक मकान में आग लगाने से जला घर में रखा सामान ।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। शहर के व्यस्ततम इलाके में संकरी गली छेदालाल स्कूल के पास रविवार सुबह एक मकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग से घर में रखी तीन लाख रुपये की नकदी, आभूषण और अन्य सामान जल गया। दमकल कर्मियों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना सुबह 6:45 बजे की है। प्राइवेट शिक्षक दीपक वार्ष्णेय निवासी गली छेदालाल के घर में बिजली शार्ट सर्किट से आग लग गई। जिस समय आग लगी, घर में उनकी पत्नी ज्योति, बेटी देविका ही मौजूद थी।
पुत्र उज्ज्वल कोचिंग के लिए गया था और दीपक दूध लेेने गए थे। घर के कमरे में से धुआं निकलते देखा तो उनकी पत्नी ने समझा मच्छर भगाने वाली क्वाइल अभी तक कैसे जल रही है। यह जानने के लिए उन्होंने जैसे ही कमरे का दरवाजा खोला तो आग की तेज लपटें बाहर की ओर निकलने लगीं। वह चीखी-चिल्लाई। तो आसपास के लोग वहां पहुुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।
बाल्टी आदि से पानी डालकर आग बुझाने के प्रयास किए। तभी किसी ने दमकल को सूचना दे दी। थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन आग से कमरे में रखी तीन लाख रुपये की नकदी, 10 तोले सोने व 250 ग्राम चांदी के आभूषण, कंप्यूटर, कपड़े आदि सामान आग से जलकर राख हो गया। सूचना पर तहसीलदार राजस्व विभाग की टीम के साथ पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।