कासगंज। जिले में लगातार विभिन्न राज्यों से प्रवासी आ रहे हैं। हांलाकि प्रशासन सभी प्रवासियों को लेकर संवेदनशील है, लेकिन मुंबई से लौटने वाले प्रवासियों पर विशेष नजर है। सिढ़पुरा इलाके में पहुंचे मुंबई के 5 प्रवासियों को स्वास्थ्य विभाग ने आईसोलेशन में रखा है। उनकी जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली में सब्जी का काम करने वाले लोग भी संवेदनशील श्रेणी में हैं।
प्रशासन का मानना है कि मुंबई और दिल्ली कोरोना संक्रमण के लिए काफी संवेदनशील हैं। सर्वाधिक संवेदनशील मुंबई के प्रवासियों को माना जा रहा है। क्योंकि प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंचे मुंबई के लोगों की जांच रिपोर्ट में अधिकतर परिणाम पॉजीटिव आ रहे हैं। ऐसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन मुंबई से आने वाले लोगों को लेकर काफी संवेदनशील है।
हांलाकि जितने भी लोग अभी तक मुंबई से लौटे हैं वे पैदल और विभिन्न वाहनों के सहारे यहां पहुंचे हैं। अभी तक मुंबई की ओर से कोई ट्रेन यहां नहीं आई है। आगामी समय में यदि मुंबई की ओर से ट्रेनें यहां पहुंचेंगी। तो संक्रमण का खतरा और ज्यादा बढ़ जाएगा। जिले में दिल्ली के दो सब्जी विक्रेता कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं।
ऐसी स्थिति में दिल्ली के सब्जी कारोबार से जुड़े लोगों को प्रशासन संवेदनशील मान रहा है। दिल्ली से लौटने वाले ऐसे प्रवासियों को चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि देश के अन्य रेड जोन इलाकों से आने वाले सभी लोगों की विशेष निगरानी की जानी चाहिए।
- मुंबई से आने वाले प्रवासी और दिल्ली में सब्जी का कारोबार करने वाले प्रवासियों पर स्वास्थ्य विभाग की विशेष नजर है। ऐसे लोगों का पता लगाकर कोरोना जांच कराई जा रही है। सिढ़पुरा क्षेत्र में पांच लोगों को आईसोलेट किया गया है। ये मुंबई से लौटकर आए थे।- डा. प्रतिमा श्रीवास्तव, सीएमओ।