जसराना(फिरोजाबाद)। लॉकडाउन में हरियाणा से पैदल चलकर आ रहे मजदूरों को कोतवाली के सामने पुलिस ने रोक लिया। मजदूरों को एलआर डिग्री कॉलेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन कर दिया गया है। अब जांच के बाद प्रशासन सभी को घर भेजने की तैयारी में है। वहीं बाहरी राज्यों से आए 55 लोगों को राशन देकर प्रशासन ने होम क्वारंटीन के लिए घर भेजा।
पीलीभीत के गांव जमिया निवासी लोग हरियाणा के सुरेंद्रनगर में मजदूरी करते थे। लॉकडाउन में काम-धंधा बंद होने और पैसे खत्म होने पर 15 लोगों ने पैदल घर पहुंचने की ठानी। पांच दिन तक पैदल चलकर वे लोग सोमवार को जसराना पहुंचे। कोतवाली जसराना के सामने पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पीड़ा बताई। कोतवाल गिरीश चंद्र ने सभी को एलआर इंटर कॉलेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में भेज दिया। यहां तहसील प्रशासन ने सभी के खाने-पीने का इंतजाम किया। तहसीलदार ब्रह्मानंद कठेरिया ने बताया कि पैदल जा रहे 15 लोगों को एलआर इंटर कालेज में रोका गया है। उन्हें पीलीभीत भेजने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं बाहरी राज्यों से आए 55 लोगों को राशन देकर होम क्वारंटीन किया गया है।