फोटो 18 नगरिया अंगौथा में राजस्व नक्शे से जमीन का मिलान करते जिलाधिकारी। स्रोत प्रशासन
मैनपुरी। तहसील सदर के गांव नगरिया अंगौथा में शुक्रवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद उप जिलाधिकारी सदर ने क्षेत्रीय लेखपाल से कहा कि सह खातेदारों का निस्तारण होने तक मौके पर यथास्थिति रखी जाए। किसी भी दशा में निर्माण कार्य नहीं होना चाहिए।जन-सुनवाई के दौरान अक्तूबर में नगरिया अंगौथा की रहने वाली शांती देवी ने शिकायत करके बताया था कि गांव की उसकी एक जमीन पर प्रधान पति देवेंद्र सिंह ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर कब्जा कर लिया है। आरोपी एक पुलिस कर्मी पर जानलेवा हमले में सजायाफ्ता हैं। डीएम ने उप जिलाधिकारी सदर को जांच करके प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिए थे। शुक्रवार को शांती देवी ने जमीन से कब्जा नहीं हटाए जाने की दोबारा शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने उप जिलाधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, क्षेत्रीय राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर सत्यता देखी। उप जिलाधिकारी, क्षेत्रीय लेखपाल को निर्देश दिए कि सह खातेदारों का निस्तारण होने तक मौके पर यथास्थिति रखी जाए। किसी भी दशा में निर्माण कार्य न हो।