मैनपुरी। दन्नाहार क्षेत्र के गांव नगला जत्ते में एक गोदाम से माल चोरी करने के बाद भाग रहे चोर को पकड़ने का प्रयास किया, बचने के लिए चोर ने माल सहित कुआं में छलांग लगा दी। पुलिस ने चोर को बाहर निकाला और थाना ले गई। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव कासगंज निवासी विकास और आजाद यादव का एक मैरिज होम है, उनका एक दोस्त मोंटी निवासी सेक्टर 15 रोहिणी दिल्ली गर्म कपड़ा लेकर आया था। उक्त माल को दुकान पर लगाने के लिए उसने मैरिज होम के गोदाम में रखा था। बुधवार की रात जनपद फिरोजाबाद के गांव पीतेपुर निवासी दो चोर चेतन और अनूप गोदाम से माल चोरी कर ले गए।
चेतन तो अपने हिस्से का माल लेकर बिक्री करने के लिए चला गया, लेकिन अनूप उर्फ अन्नू जाने की तैयारी कर रहा था, वह पुआल के नीचे माल दबाकर सो गया था, चोरी की जानकारी होने के बाद विकास और आजाद तलाश करते हुए वहां पहुंच गए, उन्हें आया देख अन्नू माल लेकर वहां से भागने लगा और पास ही एक कुआं में माल लेकर कूद गया।
उक्त घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, कुछ देर प्रयास के बाद चोर को कुआं से बाहर निकाला गया। पुलिस चोर को पकड़ कर थाना ले गई, उक्त घटना को लेकर विकास की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।