मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव नगला मानसिंह में बुधवार की दोपहर एक किशोरी ने घर के कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जानकारी होने के बाद घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना क्षेत्र के गांव नगला मानसिंह निवासी नेत्रपाल सिंह की 17 वर्षीय पुत्री प्रियंका शहर के एक इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा थी। बुधवार की दोपहर परिजन खेत पर काम करने के लिए गए थे, वहीं एक भाई कोचिंग गया हुआ था, इस दौरान किशोरी ने घर के दूसरी मंजिल पर बने कमरे में लगे कुंडा में दुपट्टा का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
परिजन जब घर वापस लौटे और कमरे में झांक कर देखा तो प्रियंका शव फंदे पर लटका देख होश उड़ गए। घर में अफरातफरी मच गई, जानकारी होने के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। किशोरी ने खुदकुशी क्यों कि इसको लेकर परिजन कोई वजह नहीं बता सके।