बिछवां (मैनपुरी)। गांव धौकलपुर तिसौली निवासी आदेश का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेम विवाह पर परिजन की सहमति नहीं बन रही थी, इस बीच उसकी शादी भी तय कर दी गई। इसी बात से गुस्से में आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया, पुलिस भी सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव धौकलपुर निवासी आदेश ने पल भर के गुस्से में आकर जहां अपनी जान दे दी। वहीं परिजन को भी कभी न भूल पाने वाला दर्द दे गया। आदेश का किसी युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उसके साथ शादी करना चाहता था, लेकिन परिजन प्रेम विवाह को लेकर विरोध में थे। वह कोई गलत कदम न उठा ले, इसी सोच को लेकर उसकी शादी भी तय कर दी थी, लेकिन परिजन को शायद इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि आदेश इतना बड़ा कदम भी उठा सकता है।
रविवार की रात आदेश तेजी से बाइक चलाता हुआ घर आया था। फोन पर बात करते हुए वह वह सीधे छत पर बने अपने कमरे में चला गया। इस समय घर के सभी अपने अपने कार्य में व्यस्त थे। छत पर जाने के कुछ देर बाद ही गोली चलने की आवाज सुनकर सभी लोग कमरे में पहुंचे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से तमंचा भी बरामद किया है। आदेश की असमय मौत व खुदकुशी के निर्णय के बाद पूरा परिवार सदमे में है।