मैनपुरी। अवाबाग में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के घर में चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। रविवार सुबह टीम ने देवी रोड स्थित एक घर में दबिश दी। पुलिस को वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद टीम वहां से वापस लौट गई।
तीन दिन पूर्व कोतवाली क्षेत्र के अवाबाग कालोनी में निवास कर रहे खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार वर्मा के आवास के ताले तोड़कर उनकी पिस्टल और कारतूस चोरी कर लिए गए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं पुलिस के हाथ खुलासे को लेकर अहम सुराग हाथ लगने की जानकारी मिली है।
सीओ सिटी अभय नरायण राय के निर्देशन में टीमें चोरों की तलाश में जुटीं हैं। रविवार की सुबह देवी रोड स्थित एक घर में टीम ने दबिश देकर तलाश की। पुलिस के हाथ चोर नहीं लग सका। इसके बाद टीम वहां से वापस लौट गई। वहीं सीओ सिटी का कहना है कि प्रयास जारी हैं। जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करेंगे।