बिजली गोदाम लूट के दो आरोपी मैनपुरी पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़े
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी जनपद में दन्नाहार थाना पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ के दौरान दो शातिर लुटेरों को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए लुटेरे कुछ दिन पूर्व यूपीपीटीसीएल (उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड) के गोदाम में हुई डकैती की वारदात में शामिल थे। कार्रवाई के दौरान लुटेरों का एक साथी भागने में कामयाब हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पांच जनवरी की रात सिरसागंज रोड स्थित यूपीपीटीएल के गोदाम में डकैती की वारदात अंजाम दी गई थी। लुटेरे तीन सुरक्षा कर्मचारियों की दो बंदूक और एक राइफल लूट ले गए थे। इसके साथ ही करीब 10 लाख रुपये का सामान भी ले गए थे। कुछ दिन पूर्व ही पुलिस ने डकैती की इस वारदात का खुलासा करते हुए अलवर राजस्थान के गैंग के 16 बदमाशों को लूटे गए असलहा और माल सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा है। प्रभारी निरीक्षक ओमहरि बाजपेई ने बताया कि शुक्रवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर सिंधिया तिराहा के पास घेराबंदी की गई।
मैनपुरी: अलवर के गैंग ने डाली थी बिजली गोदाम में डकैती, 16 बदमाश गिरफ्तार
वहां मौजूद तीन संदिग्ध लोगों ने पुलिस को देख कर भागने की कोशिश की। जब उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने दो हमलवारों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तमंचा और कारतूस मिले। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम शैलेंद्र निवासी थाना व कस्बा जसवंत नगर इटावा और दीपक उर्फ बारेलाल निवासी मढेला थाना बलरई जनपद इटावा बताया। उनके पास एक सुरक्षाकर्मी का लूटा गया मोबाइल भी मिला। बदमाशों ने भागे हुए साथी का नाम सर्वेश यादव निवासी भरथना इटावा बताया। पुलिस अब भागे हुए बदमाश व अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।