मंडी परिसर की सुरक्षा करेंगे अर्द्धसैनिक बल के जवान
तीन एएसपी, 10 डीएसपी सहित बड़ी संख्या में पुलिस, पीएसी तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। लोकसभा उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद अब मतगणना को लेकर एसपी की ओर से कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं, परिसर व आसपास की सुरक्षा का जिम्मा अर्द्धसैनिक बल के जवान संभालेंगे। इसके अलावा, तीन एएसपी, 10 डीएसपी सहित बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी कर्मी व्यवस्था में तैनात रहेंगे।
जिले में लोकसभा उपचुनाव की चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के बाद एसपी कमलेश दीक्षित की ओर से मतगणना को लेकर भी कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि नवीन मंडी परिसर पूर्ण रूप से किसी बाहरी व्यक्ति के लिए बंद है। कहा कि परिसर के आसपास एक सीमित दायरे तक किसी प्रकार की भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी, समर्थकों को भी मतगणना कार्य पूरा होने तक मंडी परिसर से दूरी रखनी होगी।
एएसपी ने बताया कि उनके साथ ही तीन एएसपी, 10 डीएसपी, 22 इंस्पेक्टर के अलावा 100 एसआई सुरक्षा ड्यूटी में परिसर के अंदर व बाहर तैनात रहेंगे। 900 आरक्षी तैनात किए गए हैं, जिसमें से 100 महिला आरक्षी हैं। 500 होमगार्ड और पांच कंपनी पीएसी कर्मी सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रहेंगे। बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन के सभागार में ड्यूटी में लगाए गए सभी कर्मियों की बैठक की गई, उन्हें एसपी, एएसपी द्वारा आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
अर्द्धसैनिक बल की कंपनियां रहेंगी अलर्ट
मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जहां पुलिस पीएसी तैनात की गई है। वहीं सीएपीएफ की आठ कंपनियां, सीआरपीएफ की पांच कंपनियां किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार रहेंगी। विशेष प्रशिक्षण प्राप्त एसएसबी की दो कंपनी और सीआईएसएफ की एक कंपनी के जवान मतगणना स्थल की निगरानी करेंगे।