मैनपुरी। ग्रामीण अंचल में सीएचसी और पीएचसी पर डॉक्टरों के समय से न पहुंचने की लगातार मिल रहीं शिकायतों पर सीएमओ ने नाराजगी जाहिर की है। सीएमओ ने निर्देश जारी किए हैं कि सीएचसी और पीएचसी पर चिकित्सक समय से पहुंचकर मरीजों को उपचार दें। अनुपस्थित मिलने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने कहा कि सीएचसी और पीएचसी पर चिकित्सकों के समय से न पहुंचने की शिकायतें मिल रही हैं। सीएमओ ने कहा कि निरीक्षण के दौरान भी चिकित्सक और कर्मचारी अनुपस्थित मिल रहे हैं इससे साबित हो रहा है कि सीएचसी और पीएचसी पर तैनात चिकित्सक और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से नहीं निभा रहे हैं।
चेतावनी दी कि शासन की मंशा के अनुसार मरीजों को उचित उपचार मिलना चाहिए। शासन की मंशा के अनुसार जो भी चिकित्सक या कर्मी कार्य नहीं करेगा वह कार्रवाई के लिए तैयार रहे। सीएमओ ने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी प्रकार से स्वीकार नहीं की जाएगी।
दो दिन से अधिक अनुपस्थित रहने वालों की दें सूचना
सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने जिले के सभी चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि दो दिन से अधिक समय तक अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सक और कर्मचारियों की सूचना उनके कार्यालय को दी जाए। जिससे कि डॉक्टरों की कार्यशैली और उपस्थिति में सुधार लाया जा सके।