गांव भटानी में ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते उपभोक्ता।
- फोटो : संवाद
मैनपुरी। दन्नाहार क्षेत्र के गांव भटनी में दो दिन पहले फुंका विद्युत ट्रांसफार्मर न बदलने से उपभोक्ताओं में आक्रोश है। रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। गांव के बाहर25 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर लगा है। शुक्रवार की सुबह अचानक तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने विद्युत निगम के हेल्पलाइन नंबर और उपकेंद्र दन्नाहार क्षेत्र के अवर अभियंता रामअवध राम को दी। अवर अभियंता ने ग्रामीणों को शनिवार शाम तक ट्रांसफार्मर बदलवाने का आश्वासन दिया।ग्रामीणों ने बताया कि 24 घंटे से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर बदलवाया नहीं गया है। दो दिन से बिजली न आने से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। गर्मी में बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों का हाल-बेहाल है। लोगों का कहना है कि विद्युत निगम के आलाधिकारियों का आदेश है कि क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को 24 घंटे में बदला जाएगा। लेकिन गांव के ट्रांसफार्मर दो दिन बाद भी नहीं बदला गया है। ग्रामीण मोहित चौहान, संजू चौहान, पप्पू चौहान, उपेंद्र पाल, जीवू राठौर, डुग्गू दिवाकर, ऋषिपाल आदि ने प्रदर्शन कर अधीक्षण अभियंता से शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलवाए जाने की मांग की है।