मैनपुरी। गांव भोजपुरा के रहने वाले युवक को एक शीतल पेय कंपनी की डीलरशिप दिलाने के नाम पर लाखाें रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित की तहरीर पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भोजपुरा के रहने वाले गौरव राजपूत ने साइबर थाना में शिकायत दी। बताया कि 24 अप्रैल को उनके पास वरुण सिंह नाम के किसी व्यक्ति ने फोन किया। बातचीत करते हुए उन्हें एक शीतल पेय कंपनी की डीलरशिप लेने की बात कही। वह तैयार हो गए तो 12 लाख रुपये में बातचीत तय हुई। तब वरुण सिंह व अन्य साथी संजय ने अपने मोबाइल नंबर देकर रुपये डालने के लिए कहा उन्होंने धीरे धीरे वरुण सिंह के बताए खाते में 10.83 लाख रुपये डाल दिए। संजय के खाते में भी रुपये भेजे। उनके कहा गया कि 16 मई को आपको माल की डिलीवरी मिल जाएगी। 16 मई को जब माल नहीं आया तो संजय को फोन किया। मगर नंबर बंद आ रहा था। वरुण से बात हुई तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उक्त दोनों लोगों ने उनके साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी की है। साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।