किशनी। थाना क्षेत्र के गांव कछपुरा महोली निवासी एक युवक से नौकरी लगवाने के नाम पर छह लाख रुपये ठग लिए गए। नौकरी न लगने के बाद जब रुपये वापस मांगे तो गाली गलौज करते हुए पीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। गांव कछपुरा महोली निवासी शिवानंद ने पुलिस को बताया कि भाई मातादीन ने नौकरी लगवाने के लिए उमेश चंद्र निवासी नयागांव थाना कुरावली को तीन वर्ष पहले छह लाख रुपये दिए थे। जब काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो मातादीन ने 27 दिसंबर 2023 को उमेश चंद्र से अपने छह लाख रुपये वापस मांगे। उमेश के साथ साथी सुशील शाक्य मलावन जनपद एटा भी मिला। जब रुपये मांगे तो दोनों ने जातिसूचक गालियां देते हुए वहां से भगा दिया। जब भाई टेंपो से किशनी वापस आ रहा था। तभी रास्ते में रात के समय ढढौंस पुल के पास कार आकर रुकी। आरोपियों ने उसे टेंपो से खींच कर पिटाई की। धारदार हथियार से हमला किया। भाई बेहोश हो गया उसे अस्पताल में भर्ती कराया। उमेश, सुशील व दो अन्य साथियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।