मैनपुरी। प्रचंड गर्मी से हर कोई परेशान है। गर्मी का सीधा असर व्यापार पर भी पड़ रहा है। धूप और तपन के कारण ग्राहक घर से नहीं निकल रहे हैं। बाजार में दिनभर सन्नाटा पसरा रहने से दुकानदार भी परेशान हैं। किराना व्यापार से लेकर सब्जी और फल की बिक्री पिछले माह की अपेक्षा आधी रह गई है।
बुधवार को न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रचंड गर्मी का प्रकोप अब व्यापार पर भी दिखाई देने लगा है। बाजार से ग्राहक न आने से दुकानदार मायूस हैं। किराना व्यवसाई भगवानदयाल गुप्ता भन्नू का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण व्यापार में मंदी छा गई है। तेज धूप और लू के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। दोपहर के समय बाजार की सड़कों पर लॉकडाउन जैसी स्थिति नजर आने लगी है। उनका कहना है कि पिछले महीने की तुलता में इस माह व्यापार में 40 से 50 प्रतिशत तक की कमी आई है।
सब्जी व्यापारी रमेश कुमार का कहना है कि गर्मी का प्रभाव सब्जी के कारोबार पर भी पड़ा है। गर्मी में जल्दी खराब होने के डर से लोग कम सब्जी खरीद रहे हैं। अधिकतर ग्राहक घर के बाहर ही हथठेले वालों से सब्जियां ले रहे हैं। फल व्यवसायी मुकेश का कहना है कि बाजार में गर्मी के कारण ग्राहक नहीं आ रहे हैं, जिसका प्रभाव फल की बिक्री पर भी पड़ा है।