मैनपुरी। लंकुश नगर स्थित किराये के मकान में रह रहे 21 वर्षीय युवक का शव रविवार सुबह कमरे में फंदे पर लटका मिला। युवक अलीगढ़ का रहने वाला था, परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया और शव लेकर चले गए।अलीगढ़ के थाना अतरौली क्षेत्र के गांव नरौथा का रहने वाला देवकी बघेल करीब एक साल से सदर कोतवाली क्षेत्र में दीवानी रोड लंकुश नगर में किराये के मकान में रह रहा था। वह दीवानी रोड पर स्थित एक होटल पर काम करता था। रविवार की सुबह उसका शव कमरे में लगे जंगले में अंगौछा के फंदे से लटका मिला। जानकारी होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाने के बाद मोर्चरी में रखवाया। परिजन को सूचना दी गई, कुछ देर बाद मोर्चरी पहुंचे परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर अलीगढ़ चले गए।