मैनपुरी। कचहरी रोड स्थित सतीश नर्सिंग होम में सिजेरियन प्रसव के दाैरान जुड़वां बच्चों को जन्म देने वाली प्रसूता की मौत के मामले में बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई। इसमें खुलासा हुआ है लक्ष्मी देवी की मौत हार्ट अटैक से हुई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आरसी गुप्ता ने जांच टीम गठित की है और तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। उधर, पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार की दो सदस्यीय टीम गठित की है। इस टीम को तीन दिन के भीतर इलाज संबंधी सभी अभिलेखों की गहनता से जांच कर पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने कहा, रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि कोतवाली क्षेत्र के बाईपास रोड पर स्थित गांव धारऊ निवासी लक्ष्मी देवी (30) गर्भवती थीं। सोमवार दोपहर प्रसव पीड़ा होने पर उनके परिजनों ने उन्हें सतीश नर्सिंग होम में भर्ती कराया। यहां सिजेरियन प्रसव से लक्ष्मी ने जुड़वां बच्चों (एक पुत्र और एक पुत्री) को जन्म दिया। प्रसव के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी और उनकी मौत हो गई। मौत के बाद नर्सिंग होम स्टाफ ने परिजनों को बिना जानकारी दिए शव को अस्पताल से बाहर निकाल दिया था। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. अभिषेक गुप्ता ने शराब के नशे में ऑपरेशन किया जिससे लक्ष्मी देवी की हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। सतीश हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अभिषेक गुप्ता तथा स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव का पोस्टमार्टम कराया और मृतका के पति सोल्जर कुमार दिवाकर की तहरीर पर डॉक्टर व स्टाफ के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने वादी पक्ष को बयान के लिए बुलाया
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को पुलिस को प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लक्ष्मी देवी की मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने बताया कि दर्ज केस के आधार पर पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। मृतका के परिजनों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।