मैनपुरी। संपूर्ण समाधान दिवस पर तहसील भोगांव में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने शिकायतें सुनीं। फरीदपुर के पूर्व सैनिक महेंद्र सिंह द्वारा पैमाइश के बाद सात मई को कानूनगो द्वारा पुलिस की मौजूदगी में लगवाई गई पक्की मुड्डी को अराजक तत्वों द्वारा उखाड़ने और कब्जा नहीं दोड़ने की शिकायत पर एसडीएम और सीओ से कहा कि कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें। अवरोध करने वालों को भारी मुचलके में पाबंद करें।
प्रयागपुर के महाराज सिंह, पवन, रामवीर, श्याम सिंह ने चारागाह, ग्रामसभा की भूमि पर कब्जा कर पक्का निर्माण कराने की शिकायत की। थानाध्यक्ष, राजस्व निरीक्षक को तत्काल जांच कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि पक्की पैमाइश के बाद भी पात्रों को कब्जा नहीं मिल पा रहा है। कुछ स्थानों पर सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही हैं। कई शिकायत कर्ता नाम संशोधन कराने के लिए आवेदन कर रहे हैं। इनको गंभीरता से लेकर सुधार किया जाना चाहिए।
-
छह शिकायतों का मौके पर हुआ निदान
तहसील भोगांव क्षेत्र के 28 फरियादियों ने शिकायतें कीं। छह शिकायतों का मौके पर निदान कराया गया। मंछना के राममोहन मिश्रा ने जूनियर हाई स्कूल मंछना के नाम दर्ज भूमि पर किए जा रहे कब्जे को रोकने, रूई के रामप्रवेश पाल ने खेत में बोई बाजरे की फसल को नष्ट करने, रानीपुर के रामभरोसे लाल ने कब्जे को हटवाने, भांवत के भीमसेन ने कब्जा हटवाने, पूरनपुर के पूर्व हवलदार कुंवर पाल सिंह ने कुटुंब रजिस्टर में नाम दर्ज कराने की मांग की।
-
यह अधिकारी रहे मौजूद
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. आरसी गुप्ता, उप जिलाधिकारी भोगांव संध्या शर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए सत्येंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, तहसीलदार भोगांव गौरव कृष्ण अग्रवाल, अनुज कुमार, अनिल सक्सेना मौजूद रहे।
-
अपर जिलाधिकारी ने सुनी शिकायतेेंं
फोटो 15 तहसील किशनी में शिकायतें सुनती अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद। संवाद
अपर जिलाधिकारी ने सुनी शिकायतेेंं
किशनी। शनिवार को तहसील समाधान दिवस में तहसील किशनी में अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद ने लोगों की शिकायतों को सुना। 20 लोगों ने शिकायतें दर्ज कराई। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण ईमानदारी के साथ करें। अगर गलत रिपोर्ट लगाकर निस्तारण हुआ और जांच में पकड़ा गया तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। एसडीएम गोपाल शर्मा, तहसीलदार घासीराम, नायब तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील दुबे, थाना प्रभारी ललित भाटी, एसडीओ शेर सिंह मौजूद रहे। संवाद
-