मैनपुरी। थाना बिछवां क्षेत्र में गांव अंजनी के पास शनिवार को सवारियां लेकर जा रहा ऑटो ट्रक की चपेट में आकर पलट गया। हादसे में सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौथियाना निवासी किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, मां सहित तीन लोग घायल हो गए। मौके पर आई पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौथियाना निवासी राजेश्वरी देवी शनिवार को रक्षाबंधन पर 17 वर्षीय पुत्री आकृति के साथ मायके नगला बलू कुरावली जा रही थीं। मां बेटी ऑटो में बैठ कर कुरावली रोड पर गांव अंजनी के पास पहुंचे थे। तभी मार्ग से गुजर रहे ट्रक ने ऑटो को चपेट में ले लिया। टक्कर लगने के बाद ऑटो मार्ग पर पलट गया। हादसे में आकृति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस और राहगीरों ने मां राजेश्वरी देवी, सांवरा बेगम निवासी दक्षिणी मोहिनी गंज फिरोजाबाद को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी में रखवाया। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतका के परिजन रोते बिलखते मोर्चरी पहुंचे।
भाइयों को राखी बांधने के बाद मामा के घर जा रही थी आकृति
मैनपुरी कुरावली मार्ग पर गांव अंजनी के पास हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाली आकृति के दो भाई हैं। वह सुबह दोनों भाइयों को राखी बांधने के बाद मां के साथ मामा के घर जा रही थी। मगर, उसे क्या पता था कि आज का सफर आखिरी होगा।