मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र में शनिवार को लखौरा मोड़ पर ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में भतीजा घायल हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा बुझा कर जाम खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।औंछा क्षेत्र के गांव बल्लमपुर निवासी 35 वर्षीय ममता देवी शनिवार शाम को भाई के बेटे अतुल कुमार निवासी गांव बुर्रा थाना कोतवाली के साथ कस्बा दवा लेने के लिए आ रही थीं। बाइक जब लखौरा मोड़ पर पहुंची, तभी एटा की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। अतुल कुमार भी घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के चलते मार्ग का आवागमन रुक गया। सूचना पर थानाध्यक्ष अनुज चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जाम लगाए ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। जाम खुलने के बाद पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवाया। मार्ग खुलने के बाद आवागमन सुचारू हो सका।