बरनाहल/ मैनपुरी। भागवत कथा में डीजे साउंड लगाकर लौट रहे एक बाइक सवार युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उसकी बाइक अनियंत्रित होकर एक विद्युत पोल से टकरा गई। घटना बुधवार शाम को हुई। फिरोजाबाद के थाना खंगर क्षेत्र के गांव महासुख निवासी अभिलाख सिंह, जो डीजे साउंड का संचालन करते थे, सिरसागंज क्षेत्र के एक गांव से भागवत कथा में डीजे लगाकर अपने घर लौट रहे थे। जब वे सिरसागंज-मैनपुरी मार्ग पर चदींकरा गांव के पास पहुंचे, तो अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक विद्युत पोल से जा टकराई। इस टक्कर से अभिलाख गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीछे आ रहे उनके साथियों ने तुरंत घायल के परिजनों को सूचना दी। परिजन अभिलाख को फिरोजाबाद ट्रामा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अभिलाख चार भाई थे। उनके एक भाई नीलम कुमार की भी दो साल पहले एक सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है।