मैनपुरी। हिंदूपुर कालोनी में एक ई-रिक्शा चोरी की शिकायत लेकर पीड़ित चौकी के चक्कर काटता रहा। सुनवाई न होने के बाद एसपी से शिकायत की। इसके बाद तीन लोगों के विरुद्ध चोरी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की न्यू बस्ती हिंदूपुरम निवासी विकास कुमार ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था। पांच मार्च की रात जब वह घर में सो रहा था, तभी रात में ई-रिक्शा चोरी कर लिया गया। अगले दिन सुबह जानकारी होने के बाद काफी तलाश किया लेकिन कोई पता नहीं लग सका। पास ही लगे एक सीसीटीवी में धर्मेंद्र कठेरिया, राजेंद्र कठेरिया के साथ एक अन्य व्यक्ति नजर आ रहा था। इस बारे में चौकी पुलिस को जानकारी दी तो पुलिस ने एक आरोपी धर्मेंद्र को पकड़ा। कुछ देर बाद ही उसे छोड़ दिया गया। चौकी पर न्याय न मिलता देख पीड़ित की ओर से एसपी को प्रार्थना पत्र दिया गया। एसपी के आदेश पर नामजद व अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।