भोगांव। ऑटो में यात्रा के दौरान एक महिला का पर्स चोरी हो गया। पीड़िता ने पास बैठी दो महिलाओं पर चोरी का आरोप लगाया। पर्स में नकदी और जेवर रखे हुए थे। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
अहमदाबाद के थाना मैगाडी क्षेत्र के मोहल्ला नवीचाली निवासी भानु प्रताप ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस को बताया कि 27 जुलाई को वह पत्नी ललिता व बच्चों के साथ ससुराल खरसुलिया थाना नया गांव जनपद एटा जा रहे थे। मैनपुरी से वह बस पर बैठने के लिए चढ़ रहे थे, तभी एक ऑटो चालक ने उन्हें जल्दी छोड़ देने की बात कहते हुए बैठा लिया। बाद में दो महिलाएं भी ऑटो में सवार हो गईं। गांव रुई आकर चालक ने एक पंप से सीएनजी भरवाई। इसी बीच पीछे बैठी महिलाओं में से एक ने उनकी 11 माह की बच्ची को गोद में ले लिया। उनकी पत्नी को बीच में बैठा लिया। चालक ने दोनों महिलाओं को तहसील के पास उतार दिया। बेवर पहुंच कर उन्होंने घर जाने के लिए दूसरा ऑटो किया। ससुराल पहुंच कर जब पत्नी ने किराया देने के लिए बैग खोला तो देखा कि बैग से पर्स गायब था। पर्स में पांच हजार की नगदी व एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी झाले, एक जोड़ी कुंडल, दो अंगूठी, पायल और एटीएम रखा था। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले में जांच शुरू कर दी है।