मैनपुरी। नगला गोवर्धन में सोमवार की शाम महिला पंखा चलाने के दौरान करंट की चपेट में आ गई। देर शाम को जब पति घर वापस लौटे तो अचेत पड़ा देख जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना एलाऊ क्षेत्र के रतनपुर बरा के रहने वाले शैलेंद्र सिंह वर्तमान में सदर कोतवाली क्षेत्र के नगला गोवर्धन में परिवार के साथ निवास कर रहे हैं। सोमवार को वह अपनी रिश्तेदारी में हुई गमी में शामिल होने के लिए गए थे। घर में मौजूद 50 पत्नी मिथलेश ने शाम के समय टेबल फैन चलाया। पंखा न घूमने पर उन्होंने उंगली से पंखा चलाना चाहा। तभी वह पंखा में प्रवाहित हो रहे तीव्र करंट की चपेट में आकर अचेत होकर गिर गईं। कुछ देर बाद शैलेंद्र घर लौटे और पत्नी को आवाज लगाई। कई बार आवाज लगाने के बाद भी जब पत्नी बाहर नहीं आई तो अंदर जाकर देखा। मिथलेश अचेत अवस्था में पड़ी थीं। आनन फानन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया।