करहल। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे माइल स्टोन 85 किमी के पास बृहस्पतिवार की तड़के अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया गया। सभी लोग खाटू श्याम के दर्शन करने के बाद लौट रहे थे।
शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र के गांव नहिरोला बुजुर्ग निवासी दिनेश चंद्र गुप्ता का पुत्र सुमित कुमार गुप्ता (22) अपने दोस्तों के साथ बाबा खाटू श्याम के दर्शन करने के लिए गया था। बृहस्पतिवार की तड़के कार जब थाना क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे माइल स्टोन 85 किमी गांव कंझरा के पास पहुंची। तभी अचानक चालक ने किसी कारण से ब्रेक लगा दिया। इसके बाद तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में सुमित गुप्ता, चालक कृष्ण कुमार सिंह निवासी गांव गोलागंज भवनौती बहराइच हाल निवासी गांव पैना बुजुर्ग थाना सिधौली शाहजहांपुर, राहुल अग्निहोत्री और अमन अग्निहोत्री निवासी मोहल्ला गढ़ी पुवाया और सुधीर अग्निहोत्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे क बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने चालक कृष्ण कुमार को मृत घोषित कर दिया। देर रात करीब 10 बजे सुमित गुप्ता ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सैफई थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए इटावा भेजे हैं।