आवास विकास के सेक्टर पांच में उल्टा पड़ा कूड़ादान।
- फोटो : संवाद
मैनपुरी। शहर को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा स्थापित किए कूड़ेदान ही कूड़ा हो गए हैं। कहीं लगे कूड़ेदान चोरी हो गए हैं तो कहीं यह खुद कबाड़ में तब्दील हो गए हैं। घरों से निकलने वाली गंदगी और कूड़े को लोग अब सड़क किनारे ही फेंकने को मजबूर हैं। नगर पालिका की ओर से शहर में 100 से अधिक स्थानों पर कूड़ेदान लगवाए गए थे। लोगों से अपील की गई थी कि वह घरों से निकलने वाले कूड़े को यहां-वहां फेंकने के बजाए कूड़ेदान में डाले। इससे सड़कों के किनारे गंदगी नहीं होगी और शहर स्वच्छ दिखेगा। मगर, यह कूड़ेदान समय के साथ कई स्थानों से गायब हो गए और कई स्थानों पर टूट गए या फिर उल्टे पड़े हैं। हैरानी की बात यह है कि सार्वजनिक स्थानों पर रखे गए ये कूड़ेदान, जो कि नगर पालिका की संपत्ति हैं। इनमें से कई चोरी हो गए। मगर, नगर पालिका ने कभी इनकी सुध नहीं ली। शहर के मोहल्ला कटरा और मिश्राना में रखे गए कूड़ेदान गायब हो चुके हैं। कंस के मैदान के पास, आंबेडकर प्रतिमा के पास रखे गए कूड़दानों का पता ही नहीं है। मोहल्ले के लोग तथा सफाईकर्मी सड़क किनारे ही कूड़ा जमा कर रहे हैं।
आवास विकास के सेक्टर पांच में पार्क के पास रखा गया कूड़ादान लंबे समय से उलटा पड़ा है। पास में ही कूड़ा उठाने वाली दो गाड़ियां भी उलटी पड़ी हुई हैं। घरों से निकलने वाला कूड़ा लोग खाली जगह में अथवा सड़क किनारे ही जमा कर रहे हैं। बारिश होने पर कूड़े से निकलने वाली बदबू से आसपास रहने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।