मैनपुरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में हुई विधानसभा वार समीक्षा बैठक में मैनपुरी विधानसभा क्षेत्र के लिए 207 करोड़ रुपये की विकास कार्ययोजना को मंजूरी दी है। इस राशि से प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और नई सड़कों का निर्माण शामिल है। लोक निर्माण विभाग को बजट मिलते ही इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा।
मैनपुरी विधानसभा से विधायक एवं प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को इन कार्यों के प्रस्ताव सौंपे गए थे, जिनकी कार्ययोजना विभाग ने तैयार कर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की थी। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में इन सभी प्रस्तावों को हरी झंडी दे दी। इस विस्तृत कार्ययोजना में कई बड़ी और छोटी परियोजनाएं शामिल हैं, जिनका उद्देश्य क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचा प्रदान करना है। इसके अतिरिक्त, कई गांवों को जोड़ने वाली नई सड़कों के निर्माण और ''''मिसिंग लिंक'''' परियोजनाओं के लिए भी बड़ा बजट आवंटित किया गया है। स्थानीय निवासियों ने इस फैसले से खुश है। मंत्री ने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित इन सड़कों के निर्माण और सुधार से ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों के लोगों को लाभ होगा। इन विकास कार्यों से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। यातायात सुगम होगा और समग्र बुनियादी ढांचे को एक नया आयाम मिलेगा। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि बजट आवंटित होते ही सभी कार्यों को तुरंत प्रभाव से शुरू किया जाए, जिससे जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
प्रोजेक्ट धनराशि
मैनपुरी दक्षिणी बाईपास फेज-2 40.50 करोड़
मैनपुरी-सिरसागंज मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण 40.74 करोड़
करहल-घिरोर-कुरावली मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण 47.77 करोड़
किशनी-भांवत-मैनपुरी-औछा-जसराना मार्ग (शहरी भाग) का चौड़ीकरण 22.40 करोड़
मैनपुरी-देवी रोड बाईपास का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण 15.80 करोड़
जीटी मार्ग से नगला किंदर से बहादुर मार्ग 52.2 लाख
रामपुर से नगला चमारान मार्ग 64.8 लाख
थोरवा से नगला चौपेरा मार्ग 1.5 करोड़
अशोकपुर से गोकुलपुर मार्ग 62.25 लाख
रामनगर से बीकापुर मार्ग 1.35 करोड़
नगला अखई से दूल्हापुर तक बंबा पटरी 3 करोड़
नगरिया बढेरी से रूद्रपुर मार्ग 97.50 लाख
प्रेमपुर से एटा जिले की सीमा तक मार्ग 1.26 करोड़
उझैया फकीरपुर से ग्राम झब्बलपुर मार्ग 1.72 करोड़