करहल में जुनैद क्लीनिक को सीज करने के बाद मौजूद नोडल अधिकारी।
- फोटो : विभाग
मैनपुरी। सीएमओ के निर्देश पर जिले में बिना पंजीकरण के संचालित क्लीनिक, पैथोलॉजी और एक्सरे सेंटर संचालकों के खिलाफ एसीएमओ ने कार्रवाई की है। बृहस्पतिवार को कस्बा करहल में बिना पंजीकरण के संचालित हो रही एक झोलाछाप की क्लीनिक को सील कर दिया। चार अन्य को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। सात दिन में नोटिस का जवाब दिए जाने की चेतावनी दी गई है।
झोलाछाप के नोडल अधिकारी डाॅ. आशुतोष कुमार और लिपिक राजेश पांडेय ने टीम के साथ कस्बा करहल में छापामार मारा। यहां जुनैद क्लीनिक का संचालक पंजीकरण संबंधी अभिलेख नहीं दिखा सका। इस पर नोडल अधिकारी ने क्लीनिक को सील कर दिया। इसके बाद टीम ने डाॅ. कमलेश कुमार, डाॅ. नदीम राजा, आयुष्मान हेल्थ केयर सेंटर और डाॅ. अजय कुमार की दुकान पर पहुंचकर पंजीकरण व डाक्टर की डिग्री के बारे में जानकारी ली। संचालकों की ओर से कोई अभिलेख उपलब्ध नहीं कराया गया। इस पर नोटिस देकर एक सप्ताह के अंदर सीएमओ कार्यालय पहुंचकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नोडल अधिकारी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अपंजीकृत क्लीनिक और पैथोलॉजी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।