किशनी। गांव कछपुरा (महोली) में मंगलवार को धान की रोपाई के दौरान किशोर ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसे में किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। किशोर की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।गांव कछपुरा के बाहर पूर्व ग्राम प्रधान सुशील शाक्य और उनके भाई राजवीर का खेत है। मंगलवार को उनके खेत में धान की रोपाई हो रही थी। ट्रैक्टर से रोपाई का काम चल रहा था, तभी राजवीर का बेटा पीयूष उर्फ छोटे (13) रोटावेटर पर पीछे से चढ़ गया। पैर गीले होने की वजह से वह संतुलन खो बैठा और रोटावेटर के नीचे आ गया। चीख सुनकर जब तक ट्रैक्टर रोका। तब तक पीयूष की दर्दनाक मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी होने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। शव को देख रोने बिलखने लगे।
दो भाइयों में छोटा था पीयूष
रोटावेट की चपेट में आकर जान गंवाने वाला पीयूष दो भाइयों में छोटा था। वह कस्बा स्थित एक स्कूल में 8वीं कक्षा का छात्र था। हादसे में असमय मौत के बाद माता पिता के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।