आल्हा की जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा में शामिल यादव समाज के युवा।
- फोटो : संवाद
मैनपुरी। यदुवंशी योद्धा आल्हा की जयंती पर रविवार को शहर में यादव समाज के लोगों ने शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में युवा बाइकों पर सवार होकर आल्हा की जय-जयकार करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग उठी।शहर के महाराणा प्रताप चौक (करहल चौराहा) से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। समाज के वरिष्ठजनों ने वीर आल्हा का पूजन किया। यात्रा में युवा हाथों में पीले झंडा लेकर समाज के आल्हा की वीरता को बखान करते हुए चल रहे थे। यात्रा शहर के करहल रोड, बड़ा चौराहा, संता बसंता चौक, सिटी पोस्ट ऑफिस, क्रिश्चियन तिराहा, कचहरी रोड आदि प्रमुख मार्गों से होते हुए आवास विकास कॉलोनी स्थित पार्क में पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गई। सभा में समाज के वरिष्ठजनों ने समाज की एकता पर जोर दिया।
शोभायात्रा संयोजक इंजीनियर शुभम यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर चंद्रशेखर यादव, अर्पित यादव, अनु यादव, दीपू यादव, प्रवीन यादव, नवीन यादव, डीपी यादव आदि मौजूद रहे।