मैनपुरी में आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन के लिए 30 पोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं, जिनमें से 25 मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं और पांच रिजर्व रखी गई हैं। शुक्रवार को जिले के 25 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ से शाम चार बजे तक 14,776 मतदाता मतदान करेंगे।
विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन के लिए बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट से पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गई। जिला प्रशासन ने चुनाव संपन्न कराने के लिए 30 पोलिंग पार्टियां गठित की हैं। इनमें से 25 पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो रही हैं, जबकि पांच को रिजर्व में रखा गया है। जिले के 25 मतदान केंद्रों पर शुक्रवार को मतदान होगा। इसमें करीब 14,776 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
विज्ञापन
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था पर नजर रखेंगे।