मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव इटौरा में बृहस्पतिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा, शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
कन्नौज के गांव बांगरमऊ निवासी दीपाली (26) की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव इटौरा निवासी नितिन कुमार के साथ हुई थी। बृहस्पतिवार को दीपाली का शव घर के कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई, शव को फंदे से उतरवाने के बाद मोर्चरी भिजवाया गया। ससुरालीजन की ओर से खुदकुशी किए जाने की जानकारी दी गई, लेकिन वजह को लेकर किसी के पास कोई जवाब नहीं था। कोतवाली पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।